दिव्यांग युवक की मुस्कान लौटी, शिविर में मिली ट्राइसाइकिल

कोरबा। पाली विकासखंड के ग्राम डोंगानाला में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में संवेदनशील प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मानवीय पहल का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। ग्राम मादन निवासी दिव्यांग युवक कपिल अपनी आवागमन संबंधी समस्या लेकर शिविर में पहुंचा था।

उसकी समस्या का तत्काल समाधान कर उसे ट्राइसाइकिल प्रदान की गई, जिससे उसके चेहरे पर खुशी लौट आई।

शिविर के दौरान मंच पर मौजूद उपमुख्यमंत्री अरुण साव की नजर जैसे ही कपिल पर पड़ी, वे स्वयं मंच से उतरकर उसके पास पहुंचे और आत्मीयता से उसकी समस्या जानी। कपिल ने बताया कि दिव्यांगता के कारण उसे रोजमर्रा के कार्यों और आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला प्रशासन की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप कुछ ही समय में कपिल को ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई।

ट्राइसाइकिल प्राप्त होने पर कपिल और उसके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन और प्रशासन का आभार जताया। शिविर में मौजूद लोगों ने भी इस संवेदनशील पहल की सराहना की।

जनसमस्या निवारण शिविर में यह घटना शासन की जनकल्याणकारी सोच और जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाने की प्रतिबद्धता का उदाहरण बन गई।