ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, एक घायल, चालक फरार

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना भीमसेनिया जंगल के पास मुख्य मार्ग पर हुई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान बसीबार निवासी लोंगदास (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि घायल रामलाल चौहान (40 वर्ष) का उपचार जारी है। दोनों सोमवार को काम समाप्त कर मोटरसाइकिल से पाली से अपने गांव बसीबार लौट रहे थे।

इसी दौरान भीमसेनिया जंगल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोंगदास के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामलाल चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने लोंगदास को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामलाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है।