पंचायत में लाखों के घोटाले का आरोप,वित्तीय अधिकार रोकने की मांग

कोरबा। पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बसीबार में विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं में अनियमितता एवं वित्तीय गड़बड़ी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। उपसरपंच देवेंद्र कुमार सहित 12 ग्रामीणों ने सरपंच कंचन बाई एवं उनके पति सूरभवन सिंह के विरुद्ध शिकायत करते हुए प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा एसडीएम को सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल में एक नाली निर्माण कार्य के लिए 1.20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत और आहरित की जा चुकी थी तथा कार्य की नींव भी खोदी जा चुकी थी। इसके बावजूद वर्तमान पंचायत द्वारा उसी कार्य के लिए दोबारा 2 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त कर राशि निकाल ली गई। शिकायतकर्ताओं ने इसे शासकीय धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता का मामला बताया है।

आवेदन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) गोदाम सह भवन निर्माण कार्य में भी गुणवत्ता संबंधी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा तथा गुणवत्तायुक्त सामग्री के स्थान पर निम्नस्तरीय ईंटों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की मजबूती प्रभावित हो सकती है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि सरपंच पति सूरभवन सिंह द्वारा राशन वितरण में अनियमितता बरती जा रही है और प्रत्येक राशन कार्डधारी को निर्धारित मात्रा से एक किलो चावल कम दिया जा रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने वालों पर दबाव बनाया जाता है तथा पंचायत सचिव पर प्रभाव डालकर मनमाने प्रस्ताव पारित कराए जाते हैं।

शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक सरपंच और सचिव के वित्तीय अधिकारों पर रोक लगाई जाए। साथ ही पंचायत निधियों के आहरण एवं व्यय पर भी प्रतिबंध लगाया जाए ताकि किसी प्रकार की और वित्तीय अनियमितता न हो सके।

उपसरपंच देवेंद्र कुमार के साथ गीता बाई कंवर, अंजली आर्मो, भगवती कंवर, पार्वती यादव, नंदनी देवी, सूर्यभवन कंवर, संतोषी बाई गांडा, कविता कंवर, अहिल्याबाई, अजय कुमार और संजय कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्रशासन को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।