कोरबा। नौतपा के अंतिम दिन मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी। तेज आंधी और झमाझम बारिश के कारण जिले का तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। हालांकि इस बदलाव ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं कई इलाकों में जलभराव और अव्यवस्था की स्थिति भी पैदा हो गई।
मंगलवार सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। इसके बाद दोपहर लगभग 3 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बादलों की गर्जना शुरू हुई और कुछ ही देर में बारिश ने पूरे शहर को भिगो दिया।
बारिश के चलते टीपी नगर, कोसाबाड़ी, घंटाघर, सीएसईबी चौक और इंदिरा स्टेडियम रोड सहित कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर बहता रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजार, कोचिंग संस्थानों और कार्यालयों से लौट रहे लोग भी बारिश में फंस गए।
आंधी से उड़े होर्डिंग, बिजली व्यवस्था प्रभावित
तेज हवाओं के कारण शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे बैनर, पोस्टर और होर्डिंग क्षतिग्रस्त हो गए। कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। सीएसईबी चौक और घंटाघर क्षेत्र में बड़े फ्लेक्स हवा के दबाव से फट गए। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बाधित रही।
बाजारों में घुसा पानी, व्यापारियों को नुकसान
मुड़ापार और बुधवारी बाजार में बारिश का पानी दुकानों तक पहुंच गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। कई दुकानों में रखा सामान भीग गया। जलभराव के कारण बाजार क्षेत्र में आवागमन प्रभावित रहा और लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
किसानों के लिए राहत की बारिश
शहरी क्षेत्रों में बारिश भले ही परेशानी का कारण बनी हो, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के लिए यह राहत लेकर आई। खेतों में पर्याप्त नमी आने से खरीफ सीजन की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है। किसान लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे थे और इस बारिश ने उनकी उम्मीदों को बल दिया है।
मौसम विभाग द्वारा दो दिन पहले जारी किए गए अलर्ट के बाद आखिरकार मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला, जिसने नौतपा की विदाई को यादगार बना दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

