खदानों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड नवीन कश्यप सहित तीन गिरफ्तार

ढाई हजार लीटर डीजल चोरी मामले में लंबे समय से थे फरार

कोरबा। एसईसीएल की गेवरा, दीपका और कुसमुंडा खदानों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड नवीन कश्यप सहित तीन आरोपियों को दीपका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में शब्बीर मेमन और परमेश्वर सारथी भी शामिल हैं। तीनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वे घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि 17 मार्च 2026 को गेवरा खदान से डीजल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि नवीन कश्यप और उसके साथी लंबे समय से एसईसीएल की गेवरा, दीपका और कुसमुंडा परियोजनाओं में संगठित तरीके से डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस के अनुसार गिरोह के कुल 12 सदस्य इस मामले में शामिल थे, जिनमें से 9 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेजा जा चुका है। मुख्य सरगना नवीन कश्यप, शब्बीर मेमन और परमेश्वर सारथी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे।

सूचना के आधार पर पुलिस ने उन्हें जांजगीर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक सीजी 12 बीयू 6064 एवं सीजी 28 पी 6555 के साथ पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले की कोयला खदानों में डीजल चोरी की घटनाओं को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। पिछले कुछ वर्षों में संगठित गिरोहों द्वारा खदान क्षेत्रों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है। कई मामलों में सुरक्षा कर्मियों पर हमले की घटनाएं भी सामने आई थीं।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से खदान क्षेत्रों में सक्रिय संगठित डीजल चोर गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। मामले की जांच अभी भी जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।