गांवों में ही होगा समस्याओं का समाधान, लोगों को नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर :  अरुण साव

सुशासन तिहार शिविर में 159 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की दी सौगात

कोरबा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही हो, यही राज्य सरकार की प्राथमिकता है। लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने यह बात विकासखंड पाली के ग्राम डोंगानाला में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए कही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 159 करोड़ 63 लाख 14 हजार रुपये की लागत के 18 विकास कार्यों की सौगात जिले को दी। इनमें 153 करोड़ 66 लाख 61 हजार रुपये की लागत के 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 5 करोड़ 96 लाख 53 हजार रुपये के 10 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गठन के साथ ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति प्रदान कर गरीब परिवारों को पक्के घर का सपना पूरा करने का कार्य किया है। किसानों के हित में दो वर्षों का बकाया बोनस भुगतान, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी तथा 21 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी की व्यवस्था लागू की गई है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार कर लोगों के जीवन स्तर में सुधार ला रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से गांव-गांव में शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है तथा शासन की योजनाओं का फीडबैक भी लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गरीब परिवारों को मुफ्त राशन, हर घर जल, शौचालय और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ लगातार दिया जा रहा है।

विधायक तुलेश्वर मरकाम ने भी शिविर को संबोधित करते हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि राज्य शासन की मंशानुरूप प्रशासन द्वारा जिले में नियमित रूप से शिविर आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य माया रूपेश कंवर,महापौर संजूदेवी राजपूत,नगर पंचायत अध्यक्ष पाली अजय जायसवाल, प्रभारी पुलिस अधीक्षक लखन पटले,वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, डीएफओ प्रेमलता यादव, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।