कोरबा। खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों को लेकर कृषि विभाग ने जिले में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर वितरण अभियान चलाया है। अप्रैल और मई माह के दौरान किसानों को कुल 2101.85 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध कराया गया, जिससे आगामी फसल सीजन की तैयारियों को गति मिली है।
कृषि विभाग के उप संचालक डीपीएस कंवर ने बताया कि 1 अप्रैल से 31 मई 2026 तक जिले में सर्वाधिक 1165.85 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया गया। इसके अलावा किसानों को 310.85 मीट्रिक टन डीएपी, 67.75 मीट्रिक टन एमओपी, 437.70 मीट्रिक टन एसएसपी तथा 119.70 मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में कुल 191.51 मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया गया था, जबकि खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ मई माह में इसकी मांग बढ़ने पर 1910.34 मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किया गया।
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार खरीफ फसलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए सहकारी समितियों, निजी विक्रेताओं एवं अन्य अधिकृत माध्यमों के जरिए निर्धारित दरों पर वितरण किया जा रहा है।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार अधिकृत केंद्रों से ही उर्वरक खरीदें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कृषि विभाग से संपर्क करें। अधिकारियों का कहना है कि जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

