कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम रजकम्मा को नशामुक्त बनाने के लिए महिलाओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया है। कटघोरा पुलिस की पहल पर आयोजित जनजागरूकता बैठक में महिलाओं ने शराबबंदी और नशामुक्ति के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया।
सोमवार को ग्राम रजकम्मा में आयोजित बैठक में कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि गांव में कहीं भी अवैध महुआ शराब का निर्माण, बिक्री अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का कारोबार संचालित हो रहा हो तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने कहा कि शराब का सेवन और अवैध बिक्री दोनों ही कानूनन अपराध हैं तथा इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव परिवार और बच्चों के भविष्य पर पड़ता है।
थाना प्रभारी ने बताया कि नशे की वजह से घरेलू हिंसा, आर्थिक संकट, सामाजिक अस्थिरता और अपराध जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। इन कुरीतियों को समाप्त करने के लिए समाज की भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने महिलाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
बैठक के दौरान उपस्थित महिलाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली और ग्राम रजकम्मा को पूर्णतः नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया। ग्रामीणों ने पुलिस के इस अभियान का स्वागत करते हुए नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों में सहयोग का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उनके सहयोग से गांव को नशे की बुराइयों से मुक्त कराया जा सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

