कोरबा। सुशासन तिहार के आयोजन और विभिन्न समस्याओं के निराकरण के दावों के बावजूद जिले में जनसमस्याओं का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनदर्शन में तालाब गहरीकरण, भूमि एवं राजस्व संबंधी विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति, पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का लाभ दिलाने, राशन कार्ड, पट्टा वितरण, सीमांकन, भूमि डायवर्जन, खाता विभाजन, विद्युत व्यवस्था में सुधार तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े मामलों सहित कुल 140 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य मामलों को जांच एवं कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।
जनदर्शन कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल एवं ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

