कोरबा। मानसून सत्र शुरू होने और 15 जून से आगामी चार माह के लिए गौण खनिजों के खनन पर लगने वाले प्रतिबंध से पहले जिले में अवैध खनन एवं परिवहन की गतिविधियां तेज हो गई हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष जांच अभियान चलाया, जिसके तहत 18 स्थानों पर छापामार कार्रवाई कर सात वाहनों को जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर उप संचालक, खनि प्रशासन प्रमोद नायक के मार्गदर्शन में जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया गया। इसके लिए गठित दो खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण किया।
सीतामणी,बरमपुर सहित कई क्षेत्र रहे निशाने पर
अभियान के दौरान सीतामणी,बरमपुर,छुराकछार, झोराघाट, कूचापारा,मौहरा,औराभाठा,डुडगा,चाकागुड़ा,कनबेरी, कुदुरमाल,गीतारी,चिचोली,कटबितला,भैंसामुड़ा, भिलाईखुर्द, सोहागपुर और भैसमा क्षेत्रों में जांच की गई। इस दौरान रेत, गिट्टी, मिट्टी एवं ईंट के अवैध परिवहन में संलिप्त सात वाहनों को जब्त किया गया।
इनमें जमनीपाली,छुरीकला, औराभाठा, पहन्दा तथा अन्य क्षेत्रों में अवैध परिवहन करते पाए गए ट्रैक्टर शामिल हैं।
जब्त वाहनों को नियमानुसार कार्रवाई के लिए दर्री थाना, बाल्कोनगर थाना तथा खनिज जांच नाका रामपुर, कटघोरा एवं उरगा में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है।
राजस्व हानि रोकना प्रमुख उद्देश्य
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

