कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में जिले में 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस मनाया गया। इस वर्ष दिवस की थीम ‘‘इसके आकर्षण का पर्दाफाश- निकोटीन और तम्बाकू की लत का मुकाबला’’ रही। कार्यक्रम का उद्देश्य तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा युवाओं को इसकी लत से बचाने के लिए प्रेरित करना था।
स्व. बिसाहू दास स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय कोरबा के सभाकक्ष में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कुमारी डिम्पल भेडिया, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गोपाल कंवर, नोडल अधिकारी डॉ. कुमार पुष्पेश, डॉ. भास्कर, ब्रह्मकुमारी संस्था की प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जीएनएम कॉलेज की प्रशिक्षु नर्सें, अधिकारी-कर्मचारी तथा मरीजों के परिजन उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने कहा कि तम्बाकू का सेवन विश्व में मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल है। इससे कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी और स्ट्रोक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
उन्होंने बताया कि तम्बाकू न केवल मानव स्वास्थ्य बल्कि पर्यावरण के लिए भी हानिकारक है।


उन्होंने कोटपा एक्ट 2003 की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, तम्बाकू उत्पादों के विज्ञापन तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तम्बाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने का भी प्रावधान है। समय-समय पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पादों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उपस्थित लोगों को तम्बाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर स्व. बिसाहू दास स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जीएनएम कॉलेज की प्रशिक्षु नर्सों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा उप स्वास्थ्य केंद्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रैली, पोस्टर, पाम्पलेट, फ्लेक्स एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से लोगों को तम्बाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वयं तम्बाकू उत्पादों से दूर रहें तथा अपने परिजनों, मित्रों और परिचितों को भी इसके सेवन से बचने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि तम्बाकू मुक्त समाज ही स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की आधारशिला है।
तम्बाकू त्यागने के इच्छुक व्यक्ति जिला चिकित्सालय स्थित तम्बाकू मुक्ति केंद्र, कक्ष क्रमांक 112 में संपर्क कर सकते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

