कोरबा। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुणाल दुदावत के कुशल निर्देशन में कोरबा जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस) का कार्य शत-प्रतिशत सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। जिले के सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने समन्वित प्रयासों से निर्धारित समयावधि में आंकड़ों का संग्रहण पूरा किया।
जिले के सभी छह नगरीय निकायों, नगर पालिक निगम कोरबा के सात जोनों, नगर पालिका परिषद दीपका, कटघोरा एवं बांकीमोंगरा तथा नगर पंचायत पाली एवं छुरीकला सहित सभी 12 तहसीलों में प्रगणकों द्वारा घर-घर पहुंचकर हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों की पहचान करते हुए डेटा संग्रहण का कार्य पूर्ण किया गया।
पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना
भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के अंतर्गत प्रगणकों ने भवन की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं, निर्माण सामग्री, खाद्यान्न, टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन सहित 33 प्रमुख बिंदुओं से संबंधित जानकारी सीधे एचएलओ ऐप में दर्ज की। यह डेटा रियल-टाइम में सुपरवाइजरों के माध्यम से सत्यापित होकर मुख्य सर्वर तक पहुंचाया गया। डिजिटल प्रणाली से डेटा प्रोसेसिंग तेज होगी और विकास योजनाओं के लिए आवश्यक आंकड़े शीघ्र उपलब्ध हो सकेंगे।
नगर निगम कोरबा राज्य में रहा अव्वल
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र के सातों जोनों में कार्य की प्रभावी निगरानी की गई।
इसके परिणामस्वरूप नगर निगम कोरबा ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य पूरे राज्य में सर्वप्रथम पूर्ण कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
2,591 जनगणना कार्मिकों का रहा योगदान
जिले में रिजर्व सहित कुल 2,215 प्रगणक एवं 376 सुपरवाइजर, अर्थात कुल 2,591 जनगणना कार्मिकों ने भीषण गर्मी और भौगोलिक चुनौतियों के बीच घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्रित की। उनकी सक्रिय सहभागिता और समर्पण के कारण जिले के सभी 2,078 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में कार्य समय पर पूर्ण हो सका।
कलेक्टर ने जताया आभार
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुणाल दुदावत ने सभी 24 चार्ज अधिकारियों, प्रगणकों, सुपरवाइजरों तथा प्रशासनिक टीम को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व का सफल निर्वहन करने पर बधाई दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया एवं प्रेस प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर ने विशेष रूप से जिले के 10,669 परिवारों का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने स्व-गणना सुविधा का उपयोग करते हुए पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

