उप निर्वाचन 2026 शांतिपूर्ण सम्पन्न, 78.98 प्रतिशत मतदान के साथ मतदाताओं ने दिखाया उत्साह

कोरबा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के तहत रिक्त पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

उप निर्वाचन के तहत जिले में नगरीय क्षेत्र में पार्षद के एक पद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच के एक, पंच के छह और जनपद सदस्य के तीन पदों सहित कुल 11 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया गया।

नगरीय निकाय क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद पद के लिए मतदान सम्पन्न हुआ।

वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत करतला विकासखंड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 24, पाली विकासखंड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 15 तथा पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 18 में मतदान कराया गया।

इसी प्रकार करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद के लिए मतदान हुआ।

पंच पदों के लिए कोरबा विकासखंड के ग्राम अखरापाली (वार्ड क्रमांक 9) एवं रजगामार (वार्ड क्रमांक 1), करतला विकासखंड के ग्राम लबेद (वार्ड क्रमांक 4) एवं बरकोना (वार्ड क्रमांक 3), कटघोरा विकासखंड के ग्राम कसईपाली (वार्ड क्रमांक 10) तथा झाबर (वार्ड क्रमांक 1) में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सभी मतदान केंद्रों में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। निर्वाचन कार्य में नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया का सफल संचालन सुनिश्चित किया।

निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन में जिले में कुल 78.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसमें पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 78.21 रहा, जबकि महिला मतदाताओं की भागीदारी 79.77 प्रतिशत दर्ज की गई, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति महिलाओं की बढ़ती जागरूकता और सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है।