कोरबा। सांसद ज्योत्सना महंत ने अपने कोरबा जिला प्रवास के दौरान रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम घिनारा पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
सांसद महंत ने ग्रामीणों का हालचाल जानने के साथ संवाद करते हुए उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकार ग्रामीण जीवन की आधारशिला हैं और इनके संरक्षण तथा संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों तथा कई क्षेत्रों में ईंधन की कमी को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और ईंधन संकट के कारण आम जनता, किसान, मजदूर और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खेती-किसानी की लागत भी लगातार बढ़ रही है, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए सांसद ने कहा कि महंगाई और मूलभूत सुविधाओं की कमी का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को लेकर वे लगातार संघर्ष करती रहेंगी और अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करेंगी।
कार्यक्रम में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, युवा नेता सूरज महंत, रूपा मिश्रा, द्रौपदी देवी, संतोषी सोनी, ग्राम सरपंच दीनानाथ राठिया, पूर्व सरपंच देवकी राठिया, उपसरपंच हेमंत सिंह राठिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

