कोरबा। तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से केएन कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के आह्वान पर आयोजित किया गया।
परिचर्चा के दौरान युवाओं के बीच तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के कारण, उसके दुष्परिणाम तथा रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में किशोर चौहान, प्रियांशु मिश्रा, सोनाली यादव, खुशबू महंत, रितु साहू एवं सुरुचि खरे ने अपने विचार व्यक्त किए।
रासेयो जिला संगठक वाय.के. तिवारी ने विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा इस वर्ष निर्धारित थीम “तंबाकू व निकोटिन की लत का मुकाबला करना तथा आकर्षण का पर्दाफाश करना” की जानकारी देते हुए युवाओं को जागरूक रहने का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने पोस्टर बनाकर नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि तंबाकू एक प्रणालीगत विष है, जो शरीर के प्रत्येक अंग, ऊतकों तथा मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। इसके निरंतर सेवन से व्यक्ति की आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक स्थिति पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। युवाओं को इस लत से बचाना और समाज को जागरूक करना समय की आवश्यकता है।
भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. बी.एल. साय ने युवाओं से तंबाकू क्विट लाइन गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ए.के. मिश्रा, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी जी.एम. उपाध्याय, ओ.पी. साहू, राकेश गौतम, आशुतोष शर्मा, नितेश यादव, शंकर यादव, दुर्गाशंकर पटेल, दिनेश यादव, हेमंत रजक, रितु साहू सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

