कोरबा। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के विश्व सद्भावना भवन में नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के संचालक ए. केरकेट्टा, बी.के. रुक्मणि एवं बी.के. बिंदु द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में ए. केरकेट्टा ने कहा कि तंबाकू और नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक एवं मूल्यनिष्ठ जीवन अपनाने की अपील की।
बी.के. रुक्मणि ने कहा कि नशा व्यक्ति की आत्मिक शक्तियों को कमजोर कर देता है। राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन को सशक्त बनाकर किसी भी बुरी आदत से छुटकारा पाया जा सकता है। वहीं बी.के. बिंदु ने तंबाकू सेवन को अनेक गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बताते हुए आध्यात्मिकता और सकारात्मक सोच को नशामुक्त जीवन का आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान बी.के. मधुबाला ने उपस्थितजनों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया और मानसिक सशक्तिकरण के साथ नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त जीवन जीने एवं समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
मंच संचालन शेखर राम ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने का संकल्प लिया। इसी क्रम में कोरबा रेलवे स्टेशन में भी विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

