भारतमाला मार्ग पर ‘टेरर टैक्स’ का खेल! मृत मवेशी रखकर वाहन चालकों से अवैध वसूली, वीडियो वायरल

उरगा-बिलासपुर निर्माणाधीन मार्ग पर असामाजिक तत्वों का आतंक, कार्रवाई की मांग तेज

कोरबा। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन उरगा-बिलासपुर मार्ग पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का टोल प्लाजा अभी शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को कथित तौर पर दबंगों द्वारा जबरन वसूली का सामना करना पड़ रहा है। इससे यात्रियों और वाहन चालकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

रविवार को स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कुछ असामाजिक तत्वों ने मृत मवेशियों को सड़क पर रखकर वाहन चालकों को रोकना शुरू कर दिया और उनसे मनमाने तरीके से पैसे वसूले। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर जा रही एमपी नगर की पूर्व पार्षद आशा जायसवाल की पुत्री भी इस अवैध वसूली का शिकार होने से बाल-बाल बचीं। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर मार्ग पर हो रही कथित लूट और वसूली की घटनाओं को सार्वजनिक किया तथा पुलिस-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस मार्ग पर वाहन चालकों से अवैध वसूली और डराने-धमकाने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।

कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

नागरिकों ने मांग की है कि निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और अवैध वसूली में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन सुरक्षित और निर्भय होकर आवागमन कर सकें।