कोसमंदा रेंज अंतर्गत नए केंद्र के पदाधिकारियों का चुनाव संपन्न, समाज को शिक्षित और संगठित बनाने का लिया संकल्प
कोरबा।धीवर समाज महासभा बिलासपुर संभाग अंतर्गत कोसमंदा रेंज के नवीन केंद्र कोरबा के पदाधिकारियों का चुनाव शनिवार को शिवनगर रुमगरा स्थित सामुदायिक भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधुओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ आराध्य देव प्रभु श्रीरामचंद्र जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का चंदन तिलक, पुष्पमाला और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया।
महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि कोसमंदा रेंज में पूर्व से चार केंद्र संचालित हैं। कोरबा शहरी क्षेत्र के समाजजनों की मांग को देखते हुए तिलकेजा केंद्र से जुड़े क्षेत्र को अलग कर नवीन कोरबा केंद्र का गठन किया गया। इसके लिए विभिन्न पदों पर चुनाव आयोजित कर पदाधिकारियों का चयन किया गया।
चुनाव में गणेश राम धीवर (सुराकछार) को अध्यक्ष, छोटेलाल जलतारे (दीपका) को उपाध्यक्ष, लक्ष्मी प्रसाद जलतारे (मानस नगर) को कोषाध्यक्ष, दीपक धीवर (स्याहीमुड़ी-दर्री) को सचिव, विजय कुमार धीवर (रुमगरा) को सहसचिव तथा कोमल जलतारे (बेलगरी-बालको) को संरक्षक पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समाज के नियमों एवं दायित्वों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कोरबा को नया केंद्र बनाए जाने की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने समाज को संगठित, शिक्षित एवं विकसित बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महासभा के महासचिव वेदप्रकाश धीवर, कार्यकारिणी सदस्य उत्तम प्रसाद धीवर,अर्जुन लाल धीवर, मीडिया प्रभारी मनीष भीष्म, विधिक सलाहकार सुनीता धीवर, कोसमंदा रेंज अध्यक्ष अनिल धीवर, रेंज संयोजक संत कुमार धीवर, उपाध्यक्ष बाबुल धीवर, कोसमंदा केंद्र अध्यक्ष संतोष धीवर, तिलकेजा केंद्र अध्यक्ष राधेलाल धीवर, धीवर समाज ट्रस्ट कोरबा के संरक्षक छतराम भीष्म, भानू जलतारे सहित सैकड़ों की संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
अंत में समाज के सभी सदस्यों का कार्यक्रम में सहभागिता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

