सुबह तेज बारिश, दोपहर में चिलचिलाती धूप और शाम को फिर बदला मौसम; पेड़ गिरने व बिजली बाधित होने से बढ़ी परेशानी
कोरबा। जिले में शनिवार को मौसम ने दिनभर कई रंग दिखाए। सुबह तेज बारिश, दोपहर में चिलचिलाती धूप और बाद में उमस भरे मौसम ने लोगों को राहत और परेशानी दोनों का एहसास कराया। मौसम के लगातार बदलते मिजाज से जनजीवन प्रभावित रहा।
सुबह लगभग 6 बजे शुरू हुई तेज बारिश करीब आधे घंटे तक जारी रही। बारिश के कारण शहर और आसपास के कई क्षेत्रों की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि कुछ समय बाद मौसम साफ हुआ और दोपहर तक तेज धूप निकल आई।
दोपहर बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ली। तेज हवा और बादलों के प्रभाव से कई स्थानों पर छोटे-बड़े पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। इसके चलते कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। बारिश के बाद सड़कों पर कीचड़ और फिसलन बढ़ जाने से दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में सर्दी-जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, मौसम के अनुरूप सावधानी बरतने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जिले के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। संभावित मौसम परिवर्तन को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग भी सतर्कता बरत रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

