खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा, किसानों को पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने प्रशासन सतर्क
कोरबा। खरीफ सीजन 2026 के मद्देनजर जिला प्रशासन ने खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी स्तर पर खाद-बीज की जमाखोरी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को समय पर और निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने सहकारी समितियों के प्रबंधकों एवं निजी खाद विक्रेताओं को निर्देशित किया कि वे भंडारण और विक्रय संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से पालन करें।
साथ ही सभी समितियों और उर्वरक विक्रय केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया, ताकि किसी भी शिकायत की तत्काल जानकारी प्रशासन तक पहुंच सके।
बैठक में बताया गया कि जिले में खरीफ 2026 के लिए रासायनिक उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है तथा किसानों की जरूरत के अनुसार खाद वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
कलेक्टर ने कहा कि उर्वरकों के भंडारण, परिवहन और बिक्री में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग एवं जिला स्तरीय उर्वरक नियंत्रण दल द्वारा नियमित और आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और वास्तविक भंडारण में अंतर, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, बिना लाइसेंस उर्वरक वितरण, अनुदान प्राप्त खाद का दुरुपयोग तथा अनुचित स्थानों पर भंडारण जैसी अनियमितताओं पर विशेष नजर रखी जाएगी।
बैठक में निजी विक्रेताओं को भी चेतावनी दी गई कि वे किसानों पर उर्वरकों के साथ अन्य सामग्री जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व, कीटनाशक, रसायन या बीज खरीदने का दबाव न बनाएं। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित विक्रेता का लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जा सकता है।
कलेक्टर ने सभी विक्रेताओं को पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और भौतिक स्टॉक का नियमित मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में उप संचालक कृषि डी.पी.एस. कंवर, उप पंजीयक सहकारी संस्थान एम. मिंज, डीएमओ ऋतुराज देवांगन, सहायक नोडल सहकारी केंद्रीय बैंक मुकेश कुमार पटेल सहित सभी सहकारी समिति प्रबंधक, निजी खाद विक्रेता एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

