दीपका उपचुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत, ऋषि सिदार के समर्थन में चला व्यापक जनसंपर्क अभियान

मतदान से एक दिन पहले भाजपा को मिली मजबूती, निर्दलीय पार्षद धीरेन्द्र तिवारी ने थामा कमल का दामन

कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक-15 में होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मतदान से एक दिन पहले भाजपा ने अपने प्रत्याशी ऋषि सिदार के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर पूरी ताकत झोंक दी।

पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क किया और राज्य व केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित जनसंपर्क अभियान में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, खाद्य आयोग के पूर्व अध्यक्ष ज्योतिनंद दुबे, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, योगेश जैन, राजू प्रजापति सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा नेताओं ने मतदाताओं से वार्ड के विकास और जनहित के मुद्दों पर समर्थन की अपील की। पार्टी कार्यकर्ताओं का दावा है कि जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों का सकारात्मक रुझान देखने को मिला।

निर्दलीय पार्षद धीरेन्द्र तिवारी भाजपा में शामिल
उपचुनाव के बीच भाजपा को एक और राजनीतिक बढ़त उस समय मिली जब नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक-17 के निर्दलीय पार्षद धीरेन्द्र तिवारी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व तथा भाजपा की विकासोन्मुखी नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी का दामन थामा।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने उन्हें पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन की मजबूती और जनविश्वास का प्रतीक बताया।

वार्ड क्रमांक-15 के उपचुनाव के लिए मतदान शनिवार को होगा, जिस पर स्थानीय राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।