6 वार्डों में विकास कार्यों की सौगात: 1.08 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

नाली, सड़क, वेंडिंग जोन, सांस्कृतिक मंच और किचन शेड सहित कई जनहितकारी सुविधाएं होंगी विकसित

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के सर्वमंगला और दर्री जोन अंतर्गत विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए 1.08 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत ने निर्माण कार्यों की शुरुआत कर क्षेत्रवासियों को विकास की नई सौगात दी।

भूमिपूजन किए गए कार्यों में वार्ड क्रमांक 61 बरमपुर में दो स्थानों पर 20-20 लाख रुपये की लागत से नाली एवं कलवर्ट निर्माण, इमलीछापर में 11.50 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण शामिल है। इसी प्रकार दर्री जोन के वार्ड क्रमांक 52 में विभिन्न गलियों में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा।

वार्ड क्रमांक 53 में पावर सिटी कॉलोनी के पास 6 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच, वार्ड 54 डुमरमुड़ा बस्ती में ठाकुर देव स्थल के समीप 3 लाख रुपये से शेड तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल गोपालपुर में 5 लाख रुपये की लागत से किचन शेड का निर्माण किया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 58 सरदार वल्लभभाई पटेल नगर में बस स्टैंड के समीप 22.55 लाख रुपये की लागत से आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। राज्य सरकार जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं और इसके लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं का विस्तार और क्षेत्रीय आवश्यकताओं की पूर्ति निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में पार्षद आरती सिंह, माधव जायसवाल, नरेन्द्र देवांगन, भानुमति जायसवाल, राधा महंत, सरोज शांडिल्य, मुकुंद सिंह कंवर, फिरतराम साहू, सुखविंदर कौर, रामाधार पटेल, प्रेमकुमार साहू, सर्वमंगला मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, दर्री मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।