टेंडर खुलने से पहले ही सड़क निर्माण शुरू, ठेकेदार के ‘कॉन्फिडेंस’ पर उठे सवाल

बांकीमोंगरा पालिका में भाजपा पार्षदों के वार्डों में काम जारी, कांग्रेस पार्षदों के वार्ड टेंडर खुलने के इंतजार में; नेता प्रतिपक्ष की शिकायत पर चार दिन रुका काम फिर शुरू

कोरबा। बांकीमोंगरा नगर पालिका में विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक भेदभाव और टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क मरम्मत के जिन कार्यों के टेंडर 19 नवंबर को खुलने हैं, उनमें शामिल वार्ड क्रमांक 13 और 14 में डामरीकरण का काम टेंडर खुलने से पहले ही शुरू कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि इन दोनों वार्डों में भाजपा पार्षद और पीआईसी सदस्य हैं, जबकि अन्य वार्डों में प्रस्तावित कार्य अब भी टेंडर प्रक्रिया के इंतजार में हैं। इस मामले में नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने शिकायत कर काम रोकने की मांग की है।

नवगठित नगर पालिका परिषद में विकास कार्यों के क्रियान्वयन को लेकर पक्षपात के आरोप पहले भी उठते रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष की शिकायत के बाद नए सीएमओ ने संबंधित कार्यों को लगभग चार दिन तक रुकवा दिया था, लेकिन इसके बाद सड़क निर्माण का काम फिर शुरू हो गया। अब सवाल उठ रहा है कि जब टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है तो संबंधित ठेकेदार को काम शुरू करने की अनुमति कैसे मिल गई?


टेंडर खुलने से पहले काम, आखिर किस भरोसे?

नगर पालिका क्षेत्र में सड़क मरम्मत के सात कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें वार्ड क्रमांक 13 और 14 की सड़कों पर डामरीकरण का काम तेजी से कराया जा रहा है, जबकि अन्य वार्डों में कार्य शुरू होने का इंतजार है। नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास के मुताबिक, संबंधित कार्यों के टेंडर खुलने की तारीख 19 नवंबर 2026 निर्धारित है। इसके बावजूद दो वार्डों में सड़क निर्माण का काम शुरू कर उसे लगभग पूर्णता की ओर ले जाया जा रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि टेंडर खुलने से पहले ही ठेकेदार को किस आधार पर काम शुरू करने का भरोसा है? क्या उसे पहले से पता है कि संबंधित सड़क का ठेका उसी को मिलने वाला है? यदि टेंडर प्रक्रिया में कोई दूसरा ठेकेदार सफल होता है तो पहले से कराए गए कार्य का भुगतान और जिम्मेदारी किसकी होगी? यह स्थिति निविदा प्रक्रिया की निष्पक्षता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पर सवाल खड़े करती है।
चार दिन रुकने के बाद फिर शुरू हुआ काम

नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने बताया कि शिकायत के बाद सीएमओ ने करीब चार दिन तक काम बंद कराया था। इसके बावजूद संबंधित सड़क निर्माण फिर शुरू हो गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब टेंडर प्रक्रिया अभी लंबित है, तो काम दोबारा शुरू कराने की आवश्यकता क्यों पड़ी? नगर पालिका में सात कार्य प्रस्तावित हैं, लेकिन उनमें से केवल दो वार्डों में ही काम शुरू होना राजनीतिक भेदभाव की आशंका को मजबूत करता है।

विकास में भेदभाव और टेंडर प्रक्रिया पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने नगर पालिका में विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक दुर्भावना और उपेक्षा का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भाजपा पार्षदों के वार्डों में काम तेजी से कराया जा रहा है, जबकि कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में कार्य टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के इंतजार में हैं। उन्होंने मांग की है कि सभी टेंडर खुलने तक संबंधित निर्माण कार्य रोक दिए जाएं और इसके बाद सभी वार्डों में बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएं।

मधुसूदन दास ने चेतावनी दी है कि यदि काम नहीं रोका गया तो वे इस मामले की शिकायत जॉइंट डायरेक्टर से करेंगे।

बांकीमोंगरा नगर पालिका में टेंडर खुलने से पहले सड़क निर्माण शुरू होने का मामला अब केवल विकास कार्यों की गति तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि निविदा प्रक्रिया की पारदर्शिता, ठेकेदारों के बीच प्रतिस्पर्धा और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।