स्व-सहायता समूहों के ऋण प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करें बैंकर्स : प्रतीक जैन

बिहान के तहत बैंकर्स एवं कर्मचारियों की कार्यशाला, समूह और व्यक्तिगत ऋण वितरण तथा वित्तीय समावेशन पर दिया प्रशिक्षण

कोरबा।स्व-सहायता समूहों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़कर ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत जिला पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में बैंकर्स एवं संबंधित कर्मचारियों की प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें समूह एवं व्यक्तिगत ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन और बैंकिंग सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने कार्यशाला में बैंकर्स एवं मिशन के अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों और पात्र हितग्राहियों को उनकी आवश्यकतानुसार समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए। ऋण प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा ग्रामीण महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंक और मिशन का अमला समन्वित प्रयास करे।

उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने, बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को ऋण प्रक्रिया एवं बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देने की आवश्यकता है। बैंकर्स ग्रामीण हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें।

कार्यशाला में समूह एवं व्यक्तिगत ऋण वितरण की प्रक्रिया, बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता, वित्तीय समावेशन गतिविधियों तथा ऋण प्रकरणों के निराकरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं चर्चा की गई। बैंकर्स और बिहान मिशन के मैदानी अमले के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर एनआरपी श्री सिंह, सहायक राज्य कार्यक्रम प्रबंधक दीपेश धाबलिया, सहायक परियोजना अधिकारी इंदिरा भगत, डीएमएम अनुराग जैन, डीपीएम चिराग ठक्कर सहित विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी-कर्मचारी एवं कैडर उपस्थित रहे।