कोरबा।छत्तीसगढ़ राज्य पटवारी संघ की मांगों को लेकर जारी हड़ताल के समर्थन में छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, जिला शाखा कोरबा ने उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपा। फेडरेशन ने हड़ताली पटवारियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए इसे तत्काल रोकने और उनकी मांगों का संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की मांग की।
छत्तीसगढ़ राज्य पटवारी संघ द्वारा 13 अक्टूबर 2026 से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण हड़ताल की जा रही है। फेडरेशन का आरोप है कि शासन स्तर पर बातचीत के जरिए समाधान निकालने के बजाय पटवारियों के विरुद्ध दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी के विरोध में 17 नवंबर को उप मुख्यमंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की गई।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण दमनात्मक कार्रवाई से नहीं, बल्कि आपसी संवाद और सकारात्मक पहल से होना चाहिए।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में कर्मचारियों की जायज मांगों को सुनना और उनका समाधान करना शासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने हड़ताली पटवारियों पर कार्रवाई रोकने तथा उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान निकालने की अपील की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक डॉ. तरुण सिंह राठौर, उप संयोजक विपिन यादव, मानसिंह राठिया, जय कुमार राठौर, विनय कुमार शुक्ला सहित फेडरेशन के पदाधिकारी एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
