दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू, कलश यात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ

कोरबा। नेहरू नगर भैंसखटाल स्थित वार्ड क्रमांक 17 के पूर्व दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा एवं भव्य भंडारा महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार से श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हो गया। तीन दिवसीय आयोजन 29 से 31 मई तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न होगा।

महोत्सव के प्रथम दिवस कलश यात्रा एवं वेदी पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। क्षेत्र की महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धार्मिक उत्साह का परिचय दिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

आयोजन समिति के अनुसार 30 मई को अन्नाधिवास, जलाधिवास, पुष्पाधिवास, फलाधिवास एवं शैयाधिवास सहित विभिन्न वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। वहीं 31 मई को मुख्य कार्यक्रम के तहत विधि-विधान से श्री हनुमान जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों एवं हनुमान भक्तों से सपरिवार उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

समिति द्वारा श्रद्धालुओं के स्वागत, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे आयोजन को भव्य एवं सफल बनाया जा सके।