सुशासन तिहार शिविर में पार्षद अरुणीश तिवारी ने रखी 35 मांगें, विकास और सुविधाओं पर दिया जोर

कोरबा-दीपका। सुशासन तिहार के अंतर्गत दीपका नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित समाधान शिविर में जनसमस्याओं के निराकरण के साथ विकास संबंधी मांगों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर पार्षद अरुणीश तिवारी ने क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े 35 महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष रखे।

पार्षद अरुणीश तिवारी ने प्रगति नगर, दीपका कॉलोनी, ऊर्जा नगर, ज्योति नगर, सुभाष नगर, सोमवारी बाजार और कृष्णा नगर सहित पूरे नगर पालिका क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने गेवरा रोड-पेंड्रा रोड रेल कॉरिडोर के अंतर्गत दीपका में यात्री रेलवे स्टेशन की स्थापना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तरीय अस्पताल में उन्नयन, अत्याधुनिक एंबुलेंस तथा पशु चिकित्सालय की स्थापना की मांग की।

इसके अलावा थाना चौक में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण, दीपका चौक से तहसील चौक तक रोड डिवाइडर निर्माण, एसईसीएल अस्पताल में आम नागरिकों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतनमान में वृद्धि तथा पार्षदों के मानदेय बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया गया।

पेयजल समस्या के समाधान के लिए कॉलोनी क्षेत्रों में बेहतर जलापूर्ति व्यवस्था, वार्ड क्रमांक 13 में चार नए बोर खनन, हाईमास्ट लाइट एवं स्वागत द्वार निर्माण की मांग रखी गई।

वहीं युवाओं और विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी, बैडमिंटन कोर्ट, जिम, ओपन जिम और बच्चों के लिए झूलों की व्यवस्था करने का प्रस्ताव भी दिया गया।

पार्षद तिवारी ने पुष्प वाटिका में टॉय ट्रेन का संचालन पुनः शुरू करने, कोयला क्षेत्रों में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण तथा प्रगति नगर सहित अन्य क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने मांगों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।