कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा द्वारा मासिक धर्म स्वच्छता दिवस का आयोजन जागरूकता और सामाजिक संदेश के साथ किया गया। रेड ड्रेस कोड थीम पर आयोजित कार्यक्रम में केक काटकर दिवस मनाया गया तथा मासिक धर्म स्वच्छता और इससे जुड़े मिथकों को दूर करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आयोजित हॉफ साड़ी सेरेमनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न राज्यों में प्रचलित इस पारंपरिक आयोजन की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और इसे खूब सराहा गया। इसके माध्यम से किशोरियों के जीवन में आने वाले महत्वपूर्ण बदलावों और सांस्कृतिक परंपराओं को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को लेकर रोचक खेल और संवाद सत्र आयोजित किए गए, जिनमें मासिक धर्म से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों पर चर्चा की गई।
विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, पूर्व अध्यक्ष पारस जैन, सतनाम सिंह मल्होत्रा, प्राचार्य अनिता ओहरी, उड़ान संस्था की शकुंतला राठौर तथा जिला चिकित्सालय की काउंसलर वीणा मिस्त्री सहित कई अतिथियों ने मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

