कोरबा। पाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार और हंगामे का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित नर्सिंग कर्मियों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम कुछ लोग उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। उस समय अस्पताल में चिकित्सक मौजूद नहीं होने पर उन्होंने नर्सिंग स्टाफ से डॉक्टर के संबंध में पूछताछ की। डॉक्टर के उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर कुछ लोग नाराज हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल में मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद हंगामा कर रहे लोग मौके से चले गए।
घटना के बाद नर्सिंग स्टाफ ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी और उनके निर्देश पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्वास्थ्य कर्मियों में नाराजगी देखी जा रही है।
उन्होंने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

