नवापारा सुशासन शिविर में 569 आवेदन प्राप्त, 150 मामलों का मौके पर हुआ निराकरण

कोरबा। जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम नवापारा में सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 569 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 150 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों पर परीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शिविर को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष श्रीमती अशोक विश्राम कंवर ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से गांव-गांव में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार प्राप्त आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनोज झा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैभव कौशिक ने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों में से लगभग 25 प्रतिशत मामलों का तत्काल निराकरण किया गया। उन्होंने कहा कि सीसी रोड, पुल-पुलिया एवं अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों से संबंधित मांगों का परीक्षण कर उन्हें कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत लाभ भी प्रदान किया गया।

शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सावित्री अजय कंवर, जनपद पंचायत सदस्य रामेश्वर कंवर, श्रीमती नीला राठिया, श्रीमती लक्ष्मीन बाई कंवर, कृष्णो महाजन, दुलार सिंह राठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से समस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं के लाभ मिलने पर संतोष व्यक्त किया।