कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तीन किशोरों की जान चली गई। तेज बारिश और आंधी के दौरान पेड़ की भारी डाल टूटकर बच्चों पर गिर गई, जिससे गांव में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब 6 बजे गांव के कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए बच्चे एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी पेड़ की भारी डाल टूटकर उनके ऊपर आ गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने तत्काल बच्चों को डाल और मलबे के नीचे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बताया जा रहा है कि एक किशोर ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की पहचान शिवराम टेकाम, दिनेश तिर्की और कमलेश बड़ा के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल तथा घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

