केएन कॉलेज की छात्रा विनीता पटेल का बालको में चयन

कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय (केएन कॉलेज) कोरबा की प्रतिभावान छात्रा विनीता पटेल ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विनीता का चयन वेदांता समूह की प्रतिष्ठित कंपनी बालको में पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेनी (पीजीटी) पद के लिए हुआ है। उनकी इस सफलता से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

चयन के बाद विनीता पटेल ने महाविद्यालय पहुंचकर प्राचार्य डॉ.प्रशांत बोपापुरकर से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बोपापुरकर ने छात्रा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्लेसमेंट सेल प्रभारी अनिल राठौर एवं महाविद्यालय परिवार के सहयोग से छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।

विनीता की इस सफलता को महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रमाण बताते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई दी है। उनकी उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।