खाद-बीज दुकानों पर कृषि विभाग की सख्ती, एक दुकान पर प्रतिबंध

अनियमितता मिलने पर 6 संचालकों को नोटिस, 56 बोरी यूरिया जब्त

कोरबा। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई है।

उप संचालक कृषि डी.पी.एस. कंवर ने बताया कि 29 मई को जिले में 18 खाद-बीज दुकानों का निरीक्षण किया गया।

जांच में 6 दुकानों में गड़बड़ी पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। वहीं एक प्रतिष्ठान पर विक्रय प्रतिबंध लगाया गया। पाली विकासखंड के सिरली स्थित सिद्धी विनायक ट्रेड्स से 56 बोरी यूरिया भी जब्त की गई है।

उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन के दौरान अब तक जिले के 115 सहकारी एवं निजी उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर 28 दुकानों को नोटिस जारी किया गया है, जबकि 5 निजी दुकानों पर 21 दिनों के लिए विक्रय प्रतिबंध लगाया गया है।

बिल नहीं मिले तो करें शिकायत
कृषि विभाग ने किसानों से खाद खरीदते समय पक्का बिल लेने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलता है या बिल देने से इनकार करता है तो इसकी शिकायत संबंधित विकासखंड कृषि अधिकारी अथवा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में तत्काल दर्ज कराई जाए।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए आकस्मिक निरीक्षण और सघन निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।