जागरूकता रैली, शपथ और स्वास्थ्य परामर्श कार्यक्रम होंगे आयोजित
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में जिले में 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर तंबाकू सेवन और धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण, जन जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य परामर्श और तंबाकू मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्कूलों, महाविद्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को तंबाकू सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि परिवार और पर्यावरण पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियां और कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण तंबाकू सेवन है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं तंबाकू उत्पादों का सेवन न करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। साथ ही विश्व तंबाकू निषेध दिवस के कार्यक्रमों में सहभागिता कर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

