नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर वसूले पैसे, नौकरी का झांसा देकर करते थे धोखाधड़ी

कोरबा। जिले में नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर युवाओं को स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर रकम वसूल रहे थे।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पहले एक स्मॉल फाइनेंस बैंक में कार्यरत था।

इसी दौरान उसकी पहचान आरोपियों से हुई। आरोपियों ने उसे बालको प्लांट स्थित एक कंपनी में स्थायी नौकरी और बेहतर वेतन दिलाने का भरोसा दिया।

शिकायत में बताया गया कि नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में फोन-पे और नगद माध्यम से करीब 50 हजार रुपए लिए गए। रकम लेने के बाद भी नौकरी नहीं लगाई गई और लगातार टालमटोल किया जाता रहा।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने “Good Jobs Better Lives” नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था। इसके जरिए बेरोजगार युवाओं को जोड़कर नौकरी दिलाने का लालच दिया जाता था। आरोप है कि कई अन्य युवाओं से भी इसी तरह रकम वसूली गई।

पीड़ितों ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने विवेचना के दौरान पीड़ितों के बयान दर्ज किए, जिसमें नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।