तालाब में नहाने गए बच्चों को पानी के भीतर मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के सेमीपाली गांव में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब तालाब में नहाने गए बच्चों को पानी के भीतर एक शव मिला। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय बजरंग कंवर के रूप में की गई है।

बताया गया कि गांव के कुछ बच्चे तालाब में नहाने गए थे और बारी-बारी से पानी में छलांग लगा रहे थे। इसी दौरान एक बच्चा पानी के भीतर किसी चीज से टकरा गया। पहले उसे लगा कि कोई शरारत कर रहा है, लेकिन दोबारा टकराने पर उसने हाथ लगाकर देखा तो वह शव था। यह देखकर बच्चे घबरा गए और चीखते हुए बाहर निकलकर ग्रामीणों को जानकारी दी।

ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। मृतक के परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और बजरंग कंवर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी वंदना कंवर ने पुलिस को बताया कि वह काम पर गई हुई थी और घर पर उसके दो बच्चे थे। इसी दौरान उसका पति नहाने के लिए तालाब गया था। बाद में ग्रामीणों से डूबने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि तालाब किनारे मृतक के कपड़े भी मिले हैं।

प्राथमिक तौर पर मामला डूबने से मौत का माना जा रहा है, हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच पुलिस कर रही है। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।