सुशासन शिविर में ACB की बड़ी कार्रवाई, 40 हजार की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार

सेवानिवृत्त शिक्षक से जीपीएफ एंट्री के नाम पर मांगी थी घूस

कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद शिविर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से उनकी जीपीएफ पासबुक में कटौती की एंट्री दर्ज करने के एवज में 40 हजार रुपये की मांग की गई थी। रकम देने के लिए उन्हें तुमान स्थित समाधान शिविर में बुलाया गया था।

इसकी शिकायत मिलने पर बिलासपुर एसीबी के डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबू को रिश्वत लेते पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद आरोपी को कोषालय विभाग में रखकर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक प्रदीप मिश्रा पर पूर्व में भी वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई हो चुकी थी, बावजूद इसके वह विभाग में कार्यरत था।

एसीबी की इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप की स्थिति है। मामले में अन्य कर्मचारियों और संभावित संलिप्त लोगों से भी पूछताछ की संभावना जताई जा रही है।