युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, जुलूस निकालकर भेजा जेल

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी इलाके में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर इलाके में कानून का सख्त संदेश दिया। बाद में कोर्ट में पेश करने के बाद तीनों को जिला जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार 20 मई की रात सीतामणी क्षेत्र में रौशन शर्मा पर कुछ युवकों ने घेरकर हाथ-मुक्के, ईंट और पंच से हमला कर दिया था। हमले में रौशन गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।

घटना की जानकारी घायल युवक के भाई रजनीश शर्मा ने पुलिस को दी। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 468/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने नागेश यादव उर्फ मदरासी, रिकु यादव और आलोक यादव को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी सीतामणी क्षेत्र के ही निवासी बताए गए हैं।

कोतवाली पुलिस ने आरोपियों का इलाके में जुलूस निकालकर लोगों को यह संदेश दिया कि अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई को देखा। बाद में न्यायालय में पेशी के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।