भारत विकास परिषद के तीन दिवसीय शिविर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के बच्चों की सहभागिता
कोरबा। भारतीय संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद कोरबा मुख्य शाखा द्वारा बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया गया है। सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुधवारी में आयोजित इस शिविर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग तीन दर्जन बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
तीन दिवसीय शिविर का उद्घाटन भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार कुदेशिया के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कोरबा शाखा अध्यक्ष कमलेश यादव, सचिव दीपक सिंह ठाकुर, संस्कार प्रमुख विष्णु शंकर मिश्रा, कोषाध्यक्ष प्रेम रामचंदानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक दौर में बच्चों के बीच भारतीय संस्कृति और संस्कारों का क्षरण चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों को मिलकर नई पीढ़ी में संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों का रोपण करना होगा, ताकि भारतीय परंपराओं की जड़ें मजबूत बनी रहें।
शिविर में बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक शिक्षा, अनुशासन, योग, प्रार्थना और व्यवहारिक जीवन मूल्यों की जानकारी दी जा रही है। बच्चे भी पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लेकर सीखने में रुचि दिखा रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रांतीय पदाधिकारी महेश गुप्ता, कैलाश नाथ गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष मोहन अग्रवाल, पूर्व सचिव कन्हैया सोनी, अरविंद शर्मा, प्रमोद पांडे, जगदीश सोनी, रवि, महेंद्र देवांगन तथा योग वेदांत समिति के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर 30 मई की शाम को संपन्न होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

