4.85 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण, वार्डों को मिलेंगी नई सुविधाएं

उद्योग मंत्री और महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया लोकार्पण

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के विभिन्न वार्डों में जनसुविधाओं के विस्तार और आधारभूत विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ 85 लाख रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इनमें 1 करोड़ 10 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण तथा 3 करोड़ 75 लाख रुपए के कार्यों का भूमिपूजन कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने किया।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 4 राताखार पुल से बजरंग चौक होते हुए बायपास सड़क तक 2 करोड़ रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा। वहीं सतनाम भवन परिसर के पास 15 लाख रुपए की लागत से अतिरिक्त कक्ष का निर्माण होगा।

वार्ड क्रमांक 3 राताखार मुक्तिधाम में 45 लाख रुपए की लागत से व्हूम वेस्ट प्रदूषण मुक्त दाहगृह का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया स्थित ब्रह्मकुमारी प्रजापति आश्रम के पास 10 लाख रुपए की लागत से अतिरिक्त कक्ष तथा वार्ड क्रमांक 17 भैंसखटाल ढोढ़ीपारा में नहर किनारे सांस्कृतिक मंच का निर्माण किया जाएगा।

इसी तरह वार्ड क्रमांक 3 अंतर्गत लगभग 99 लाख 78 हजार रुपए की लागत से टीपी नगर जोन कार्यालय भवन का निर्माण होगा। इन सभी कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

इसके साथ ही 1 करोड़ 9 लाख 51 हजार रुपए की लागत से सेंट्रल स्टोर से स्टेडियम चौक तक रेलिंग सहित डिवाइडर और विद्युतीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उद्योग, रोजगार और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं और इसके लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि सर्वमंगला पुल सड़क और एप्रोच रोड का कायाकल्प कार्य भी अंतिम चरण में है, जो जल्द पूरा हो जाएगा।

कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद रवि चंदेल, नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी, लक्ष्मण श्रीवास, सरोज शांडिल्य, मुकुंद सिंह कंवर, ईश्वर पटेल, रामकुमार साहू, प्रेमलता बंजारे, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।