उप निर्वाचन वाले क्षेत्रों में 01 जून को रहेगा सार्वजनिक अवकाश, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

कोरबा।नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के तहत कोरबा जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में 01 जून 2026, सोमवार को सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने तथा मतदाताओं को अपने मताधिकार के उपयोग की सुविधा देने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश केवल उन्हीं निर्वाचन क्षेत्रों और वार्डों में प्रभावी रहेगा, जहां उप निर्वाचन के तहत मतदान होना है।

यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग,भारत सरकार गृह मंत्रालय की अधिसूचनाओं एवं परिक्राम्य लिखित अधिनियम 1881 की धारा 25 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है।

जिले में उप निर्वाचन के अंतर्गत सरपंच के 01, पंच के 06, पार्षद के 01 तथा जनपद सदस्य के 03 सहित कुल 11 रिक्त पदों पर मतदान कराया जाएगा।

नगरीय निकाय उप निर्वाचन के तहत नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद पद के लिए मतदान होगा। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत करतला विकासखंड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 24, पाली के क्षेत्र क्रमांक 15 तथा पोड़ी उपरोड़ा के क्षेत्र क्रमांक 18 में जनपद सदस्य पद हेतु वोट डाले जाएंगे।

इसके अलावा करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद के लिए मतदान कराया जाएगा।

पंच पदों के लिए विकासखंड कोरबा के ग्राम अखरापाली वार्ड क्रमांक 9, रजगामार वार्ड क्रमांक 1, करतला के ग्राम लबेद वार्ड क्रमांक 4, बरकोना वार्ड क्रमांक 3, कटघोरा के कसईपाली वार्ड क्रमांक 10 तथा झाबर वार्ड क्रमांक 1 में मतदान होगा।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की अपील की है।