महापौर ने किया जल सेवा केन्द्र का शुभारंभ, राहगीरों को मिलेगा शीतल जल

कोरबा। भीषण गर्मी और नवतपा के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मानव सेवा जल केन्द्र का शुभारंभ किया गया। महापौर संजूदेवी राजपूत ने विधिवत पूजा- अर्चना के साथ जल सेवा केन्द्र का उद्घाटन किया। इस जल केन्द्र का संचालन नगर निगम एवं द्वारिका नगरी सामाजिक विकास ट्रस्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।

इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है। गर्मी के मौसम में लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराना पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि नगर निगम सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर जनहित के ऐसे कार्य आगे भी लगातार करता रहेगा।

महापौर ने कहा कि नवतपा के दौरान गर्मी बढ़ने से स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आने वाले लोगों को भी पेयजल की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में जल सेवा केन्द्र जैसी पहल लोगों को बड़ी राहत प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह, नरेंद्र देवांगन, तरुण राठौर, दीपनारायण सोनी, श्रीजीत नायर, ट्रस्ट सदस्य प्रीतम जायसवाल, रेणु जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।