कुदमुरा-श्यांग और बरपाली-दादरपारा मार्ग की मरम्मत की मांग, कंपनी ने दिया जल्द सुधार का आश्वासन
कोरबा। कुदमुरा-श्यांग और बरपाली-दादरपारा मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। सर्व आदिवासी समाज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने डीबीएल कंपनी के कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर सड़क मरम्मत की मांग उठाई।
सुबह से ही जिल्गा और दादरपारा स्थित डीबीएल प्लांट एवं यार्ड के मुख्य गेट पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत, धूल और कीचड़ से राहत दिलाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप था कि डीबीएल कंपनी के भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण कुदमुरा से स्यांग रोड और बरपाली से दादरपारा मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और गर्भवती महिलाओं को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने भारी वाहनों के नियंत्रित संचालन और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
आंदोलन के बाद कंपनी प्रबंधन ने ग्रामीणों की समस्याओं को स्वीकार करते हुए सड़क मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया। साथ ही धूल की समस्या कम करने के लिए नियमित पानी छिड़काव, सड़क समतलीकरण और सुरक्षा संबंधी जरूरी उपाय करने पर भी सहमति बनी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

