निगम कार्यालय की साफ-सफाई और दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण पर महापौर ने दिया जोर
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने बुधवार को साकेत स्थित निगम मुख्य प्रशासनिक भवन के विभिन्न विभागों और शाखाओं का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती राजपूत ने निर्माण शाखा, स्थापना शाखा, लेखा शाखा, राजस्व विभाग, योजना शाखा, भवन निर्माण, संपदा, संपत्तिकर शाखा, स्वच्छता शाखा, जलकर विभाग, स्टेशनरी शाखा, जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग, कैश शाखा, विधि विभाग, जनसंपर्क शाखा, स्टोर एवं उद्यान शाखा, विद्युत विभाग, डाटा सेंटर और परिषद शाखा सहित विभिन्न अधिकारियों के कक्षों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि जहां आम जनता का कार्य होता है, वह स्थान पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को नस्ती एवं दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण करने के निर्देश दिए ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो सकें।
महापौर ने कहा कि निगम कार्यालय में अपने कार्य से आने वाले लोगों के लिए उचित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा उनके मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत भी दी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

