बेटी को उठाने की धमकी देकर सब स्टेशन में लूटपाट, एक आरोपी गिरफ्तार

बलगी सब स्टेशन में घुसकर सुरक्षा कर्मियों से मारपीट, सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

कोरबा। बांकीमोंगरा पुलिस ने बलगी सब स्टेशन में लूटपाट और धमकी देने के मामले में एक आरोपी अर्जुन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

आरोपियों ने सब स्टेशन में घुसकर सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की और लाखों रुपए के सामान की लूटपाट कर फरार हो गए थे।

घटना के दौरान आरोपी सब स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।

मामले में प्रार्थी संजय कुमार लहरे ने सोमवार को बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 23 मई की रात करीब 1:30 बजे कुछ युवक बलगी सब स्टेशन में जबरन घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी गई तो घर में घुसकर उसकी बेटी का अपहरण कर लेंगे।

इसके बाद आरोपी पाइप, एंगल और लगभग 100 मीटर केबल लूटकर फरार हो गए। चोरी गए केबल की कीमत करीब 4 हजार रुपए बताई गई है। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए।

थाना प्रभारी चमन सिन्हा ने बताया कि आरोपी अर्जुन सिंह और उसके एक सहयोगी को पकड़ लिया गया है। घटना में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई है। वहीं लूट का सामान रखने वाले दीपक केंवट की तलाश जारी है।