ग्रीन श्रेणी में जिले को मिला पहला स्थान, स्वास्थ्य विभाग की टीम के कार्यों की हुई सराहना
कोरबा। कोरबा जिले की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ माना गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के विभिन्न सूचकांकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले ने प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और सेवाओं पर गुणवत्ता की मुहर लग गई है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेहतर कार्य करते हुए यह सफलता हासिल की है।
डॉ. केशरी ने बताया कि प्रदेश में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति बढ़ाने के उद्देश्य से शासन द्वारा कुछ प्रमुख सूचकांकों को मुख्यमंत्री अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में शामिल किया गया है। वहीं भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए आउटपुट इंडिकेटर्स तय किए गए हैं। इन दोनों सूचकांकों के आधार पर जिलों का स्वास्थ्य स्कोर कार्ड तैयार किया गया।
50 बिंदुओं पर आधारित इस स्कोर कार्ड में जिलों को ग्रीन, ऑरेंज, येलो और रेड श्रेणी में वर्गीकृत किया गया, जिसमें कोरबा जिला ग्रीन श्रेणी में प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।
जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, कैंसर, मधुमेह, हृदय रोग एवं स्ट्रोक रोकथाम कार्यक्रम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सिकल सेल रोग नियंत्रण कार्यक्रम तथा डायलिसिस सेवाओं के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य किए गए।
नियमित समीक्षा, जनजागरूकता अभियान और सतत स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम जिले की बेहतर रैंकिंग के रूप में सामने आए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

