भीषण गर्मी से हुई चमगादड़ों की मौत, बीमारी या संक्रमण के नहीं मिले संकेत

पाली के नौकोनिया तालाब क्षेत्र में लगभग 200 प्रवासी चमगादड़ों की मौत, प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की

कोरबा। नगर पंचायत पाली क्षेत्र स्थित नौकोनिया तालाब के समीप पिछले दिनों बड़ी संख्या में प्रवासी चमगादड़ों की मौत के मामले में जिला प्रशासन और पशुधन विकास विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। विभाग ने कहा है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की महामारी या संक्रामक बीमारी का प्रकोप नहीं है तथा चमगादड़ों की मौत के पीछे बीमारी कोई कारण नहीं है।

पशुधन विकास विभाग द्वारा जारी आधिकारिक प्रतिवेदन के अनुसार विगत तीन दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और अत्यधिक तापमान के कारण लगभग 200 चमगादड़ों की मृत्यु हुई है। मृत चमगादड़ों के प्रारंभिक शव परीक्षण में भी प्रथम दृष्टया अत्यधिक तापमान को ही मौत का मुख्य कारण माना गया है।

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी भी अज्ञात वायरस या संक्रमण के लक्षण नहीं पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पशुधन विकास विभाग एवं वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई थी और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई थी।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलाने से बचने की अपील की है।