बांगो पुलिस पर रिपोर्ट नहीं लिखने का आरोप, जीएसटी ऑफिस में कारोबारियों ने किया हंगामा
कोरबा। मुंबई के एक चांदी व्यापारी को छत्तीसगढ़ में चोरी, पुलिस कार्रवाई और जीएसटी प्रक्रिया के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्री बस में सफर के दौरान व्यापारी के लाखों रुपए मूल्य के चांदी के जेवरात चोरी हो गए, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि बांगो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उसी पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। वहीं जीएसटी कार्यालय में भी दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद क्लीयरेंस नहीं मिलने से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार मुंबई निवासी व्यापारी संजय बाहेती 13 मई को लगभग 23 किलो चांदी के जेवरात लेकर अंबिकापुर से रायपुर जाने वाली बस में सफर कर रहे थे। देर रात करीब 1 बजे बांगो थाना क्षेत्र के एक होटल पर बस रुकी। इस दौरान संजय अपने तीन बैग सीट पर छोड़कर नीचे उतरे। वापस लौटने पर दो बैग गायब मिले, जिनमें लगभग 10 किलो चांदी के जेवरात रखे थे।
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि बस चालक ने भी उन्हें गुमराह किया और किसी से चर्चा नहीं करने दी। घटना की जानकारी बांगो पुलिस को देने पर पुलिस ने सकारात्मक कार्रवाई करने के बजाय उल्टा व्यापारी पर ही संदेह जताया।
हालांकि व्यापारी के पास मौजूद करीब 12 किलो से अधिक चांदी के जेवरात बच गए, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
व्यापारी का कहना है कि सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने और सामान की पुष्टि होने के बावजूद केंद्रीय जीएसटी कार्यालय द्वारा क्लीयरेंस नहीं दिया जा रहा है। इससे परेशान होकर पीड़ित ने छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स से संपर्क किया।
इसके बाद जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, जगदीश सोनी, सुभाष अग्रवाल सहित कई व्यापारी जीएसटी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से जवाब-तलब किया। व्यापारियों ने अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद भी व्यापारी को परेशान किया जा रहा है।
व्यापारी संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और वित्त मंत्रालय तक भेजी जाएगी। साथ ही उन्होंने बांगो पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं करने पर भी नाराजगी व्यक्त की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

