अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं ने मोर्चा खोला, दो जेसीबी और एक हाइवा पकड़ा

कोरबा। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग स्थित ग्राम कनकी जोगी में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने मोर्चा संभालते हुए अवैध रूप से रेत निकालने के आरोप में दो जेसीबी मशीन और एक हाइवा वाहन को मौके पर पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि रेत माफिया शासन द्वारा अधिकृत रेत घाट की बजाय अन्य स्थानों से चोरी-छिपे अवैध उत्खनन कर रेत का परिवहन कर रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि गांव के आसपास लंबे समय से अवैध रेत खनन का खेल चल रहा है, जिससे पर्यावरण और ग्रामीणों की जमीन को नुकसान पहुंच रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध गतिविधियां लगातार जारी हैं। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश का माहौल है।

महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही अवैध रेत उत्खनन पर सख्ती से रोक नहीं लगाई गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।