कोरबा जिले में खनिज संपदा से संचालित विकास कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता को मजबूत बनाने के लिए “कोरबा निर्माण पोर्टल” डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम की शुरुआत की गई है। यह पोर्टल जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) कोरबा द्वारा विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य परियोजनाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग, फंड ट्रैकिंग और जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
पोर्टल के माध्यम से अब तक 11,677 DMF परियोजनाओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया है। इसमें प्रत्येक परियोजना का GPS जियो-टैग, निर्माण पूर्व एवं पश्चात फोटो अपलोड, GIS मैपिंग और प्रगति डैशबोर्ड जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से परियोजनाओं की राशि, व्यय और प्रगति की जानकारी रियल-टाइम में उपलब्ध होगी। पोर्टल में अलर्ट सिस्टम भी जोड़ा गया है, जिससे कार्यों में देरी होने पर स्वतः सूचना मिलेगी। आम नागरिक भी सार्वजनिक पोर्टल के जरिए अपने क्षेत्र की परियोजनाओं की स्थिति देख सकेंगे।
मोबाइल फ्रेंडली इस पोर्टल के जरिए अधिकारी कहीं से भी परियोजनाओं की निगरानी कर सकेंगे। केंद्रीय डैशबोर्ड में सभी विभागों का डेटा एकीकृत होने से निर्णय प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होगी।
“डिजिटाइजेशन, ट्रांसपेरेंसी और अकाउंटेबिलिटी” की थीम पर आधारित यह पहल सुशासन और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पोर्टल का URL www.nirmankorba.in है। नागरिक 24×7 इस पोर्टल पर परियोजनाओं की स्थिति देख सकते हैं। टोल-फ्री नंबर 1800-233-1750 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस पोर्टल से विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित होगी तथा जनता को सीधे निगरानी का अधिकार मिलेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

